


गुड़गांव। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गुड़गांव के खेड़कीदौला गांव स्थित एडिडास कंपनी के गोदाम में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि समाचार लिखे जाने तक फायर बिग्रेड की 15 गाड़ियों पर तैनात पचास से अधिक कर्मचारी इस पर काबू नहीं पा सके थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि गोदाम के अंदर कुछेक कर्मचारी फंसे हुए हैं। आग के बारे में न तो पुलिस और न ही फायर ब्रिगेड के अधिकारी कुछ अधिक जानकारी दे पा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
सोमवार की शाम करीब छह बजे ऐडिडास कंपनी के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही एक के बाद एक फायर बिग्रेड की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची।
खेड़कीदौला थाना इंचार्ज भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग इतनी भयंकर थी कि रात आठ बजे तक इस पर काबू नहीं पाया जा सका था। आग के कारण हाइवे के एक ओर जाम लग गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। फायर अधिकारी हनुमान सिहाग ने बताया कि अभी वह कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।