गुड़गांव। राजधानी दिल्ली से सटे गुड़गांव में मामूली कहासुनी पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस अभी तक हमलावरो का सुराग नहीं लगा पाई है।
सोमवार की रात करीब 11 बजे नवल नाम का नौजवान अपने साथी तरुण उर्फ बॉक्सर के साथ गुड़गांव के पटौदी चौक पर खड़ा था। उसी वक्त मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़के वहां पहुंचे और टायर पंचर लगाने वाली दुकान का पता पूछने लगे। कुछ कहासुनी हुई और मोटरसाइकिल सवारों ने नवल और तरुण को पीटना शुरू कर दिया। नवल और तरुण को पिटता देख कुछ दूर खड़े उनके दूसरे साथी मदद के लिए पहुंच गए और मोटरसाइकिल सवारों पर हमला कर दिया। हमले से घबराए तीनों मोटरसाइकिल सवार भाग खड़े हुए लेकिन जाते-जाते उन्होंने गोली चला दी।
गोली तरुण को लगी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। पिछले कुछ समय में साइबर सिटी गुड़गांव में जुर्म की वारदात की मानो बाढ़ सी आ गई है।
गुड़गांव की स्मार्ट पुलिस हर वारदात के बाद तफ्तीश के सिवा और कोई नतीजा दे पाने में पूरी तरह से नाकामयाब रही है।