नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा के दस्ते और संदिग्ध आतंकवादियों के साथ हुए मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर हो गए। मुठभेड़ दक्षिणी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में हुई। इस मुठभेड़ में दो आतंकी को गिरफ्तार किया गया और एक फरार हो गए। कुल पांच आतंकवादी जामिया नगर के एल-18, बटाला हाउस मो छिपे थे। जैसे ही पुलिस ने घर में घुसने की कोशिश की, तो उन्होंने गोलीबारी शुरु कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए बंदूकधारी को पूछताछ के लिए अनजान जगह पर ले जाया गया है। मुठभेड़ मो एक इंस्पैक्टर और एक हैड कांस्टेबल घायल हो गए।इस पुलिस मुठभेड़ में मारे गए दो आतंकवादियों की पहचान अतीक उर्फ बशीर और फकरूद्दीन के रूप में की गई है। कहा जा रहा है कि अतीक ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) के कार्यकर्ता मोहम्मद सुभान कुरैशी उर्फ तौकीर का सहयोगी है। इसी वर्ष 26 जुलाई को अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के पीछे तौकीर ही मास्टरमाइंड है। इसके साथ ही, दिल्ली में गत शनिवार 13 सितम्बर को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में भी पुलिस को तौकीर की तलाश है। पुलिस ने यह कार्रवाई अबू बशर से मिली जनकारी के आधार पर की। इस मुठभेड़ में पुलिस के दो अधिकारी भी घायल हुए हैं। इस एनकाउंटर में पुलिस के विशेष दस्ते का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधिकारी मोहन चंद शर्मा, प्रमुख कांस्टेबल बलवंत घायल हुए हैं।दोनों पुलिस कर्मियों को जामिया नगर इलाके के निकट होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है मोहन चंद शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। आतंकवादियों के साथ इस मुठभेड़ में कुल मिलाकर 150 पुलिस कर्मियों का दल विशेष दस्ते की सहायता कर रहा है।अबू बशर को पुलिस जामिया नगर इलाके के इस घर तक ले गई, जहां वो तौकीर के साथ पहले भी आ चुका था। अबू बशर ने दिल्ली में ऐसे चार प्रमुख इलाकों की जानकारी भी दी है, जहां कुछ और आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। इस पूरे इलाके पर कल से ही पुलिस की पैनी नजर है।सूत्रों का दावा है कि, इन आतंकवादियों का संबंध इंडियन मुजाहिद्दीन के साथ हो सकता है, जिन्होंने हाल ही में दिल्ली में सिलसिलेवार बम विस्फोट को अंजाम दिया था। इन विस्फोटों में लगभग 22 लोग मारे गए थे, जबकि 130 से ज्यादा घायल हुए थे।पुलिस और आतंकवादियों के बीच जैसे ही मुठभेड़ शुरु हुई, पुलिस ने इस पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके साथ ही, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना-स्थल पर पहुंचे।लाल किले पर हुए बम धमाके के मामलें गिरफ्तार आतंकवादी भी जामिया नगर के इसी इलाके के मकान संख्या एल-20 में रहता था।