नोएडा। शहर के सेक्टर-25-31 चौराहे के पास आज सुबह अज्ञात इंडिका चालक ने मोटर साइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इंडिका चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात इंडिका चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली सेक्टर-20 के एसएसआई डी.के. त्यागी ने बताया कि आज सुबह जूता बनाने की फैक्टरी में काम करने वाले अवदेश पुत्र श्याम अपने दोस्त के साथ कंपनी जा रहा था। इसी बीच जब वह सेक्टर-31-25 की रेड लाइट के पास पहुंचा तो तेजी से आ रही एक काल सेंटर की इंडिका ने उन्हें रौंद दिया। मोटर साइकिल में टक्कर के बाद दोनों लहूलुहलान सडक़ पर करीब दस मिनट तक पड़े रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दोनों को प्रकाश अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने अवदेश को मृत घोषित कर दिया. जबकि उसके मित्र की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने अज्ञात इंडिका चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को इंडिका का नंबर नहीं मिल पाया है।